सोनीपत इंटरनेशनल स्कूल मारपीट, Newz Fast (सोनीपत, हरियाणा): हरियाणा के सोनीपत स्थित नामी ‘ऑर्किड्स द इंटरनेशनल स्कूल’ एक बार फिर अनुशासन और सुरक्षा के मोर्चे पर घिर गया है। इकोनॉमिक्स की क्लास चल रही थी और कमरे में कोई शिक्षक या अटेंडेंट मौजूद नहीं था।
इसी दौरान कुछ छात्रों ने पहले एक छात्र को जैकेट से मुंह ढककर पीटना शुरू कर दिया। जब उसके भाई ने विरोध किया, तो आक्रोशित छात्रों ने उस पर भी हमला कर दिया और सिर पर कड़े से वार कर लहूलुहान कर दिया।
पीड़ित छात्र गोविंद, जो इसी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र है, ने बताया कि भाई को बचाने की कोशिश के दौरान हमलावरों ने उसे निशाना बना लिया। वार इतना भीषण था कि खून बहने लगा और उसे अस्पताल ले जाना पड़ा।
डॉक्टरों ने सिर पर गहरे टांके लगाए और अंदरूनी चोट की आशंका के चलते सीटी स्कैन करवाया गया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ले जाते समय भी आरोपी छात्र गोविंद को डरा-धमका रहे थे और उस पर दबाव बनाया जा रहा था कि वह सच न बताए। आरोप है कि उसे फिसलकर गिरने की बात रटाई गई।
पिता सतबीर सिंह ने कहा कि स्कूल ने पहले उन्हें गुमराह करने की कोशिश की और उन्होंने स्कूल के ‘इंटरनेशनल स्टैंडर्ड’ सुरक्षा दावों पर सवाल उठाए।
स्कूल के प्रिंसिपल रोहित शर्मा ने बताया कि प्रबंधन ने संज्ञान लेते हुए अनुशासनहीनता और मारपीट करने वाले छात्रों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है तथा पूरे प्रकरण की अंदरूनी जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई है।
बहालगढ़ थाना पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिल चुकी है और पीड़ित परिवार की औपचारिक शिकायत मिलने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।














