जींद उपभोक्ता आयोग एसी फैसला, Newz Fast (हरियाणा, जींद): हरियाणा के जींद जिले में जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने एक उपभोक्ता की शिकायत पर बड़ा फैसला सुनाया है। आयोग ने IFB इंडस्ट्रियल लिमिटेड तथा उसके अधिकृत डीलर शिवशक्ति इलेक्ट्रॉनिक्स, उचाना मंडी को खराब एयर कंडीशनर बदलने या उसकी कीमत ब्याज सहित वापस करने के आदेश दिए हैं।
शिकायत के अनुसार उचाना मंडी निवासी वीरेंद्र कुमार ने लगभग दो वर्ष पहले 10 मई 2024 को IFB कंपनी का स्प्लिट AC 39,000 रुपए में खरीदा था। एसी में खराबी आने के बाद वारंटी अवधि के दौरान कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कंपनी द्वारा संतोषजनक समाधान नहीं किया गया।
इसके बाद उपभोक्ता ने जिला उपभोक्ता आयोग जींद में परिवाद दायर किया।
शिकायतकर्ता की ओर से जींद कोर्ट के एडवोकेट वीरेंद्र जे.पी. सिंह ने पैरवी की।
उन्होंने आयोग के समक्ष तर्क दिया कि वारंटी के बावजूद उचित सेवा न देना उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार है।
आयोग के अध्यक्ष ए.के. सरदाना और सदस्य गुरु दत्त गोयल की पीठ ने शिकायत स्वीकार करते हुए दोनों विपक्षी पक्षों को 45 दिनों के भीतर उसी मॉडल का नया AC देने या परिवाद दायर करने की तारीख से 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित पूरी राशि लौटाने का आदेश दिया।
साथ ही मानसिक परेशानी, उत्पीड़न और मुकदमा खर्च के रूप में शिकायतकर्ता को 10,000 रुपए देने का निर्देश दिया गया है।














