जशपुर सीएम साय आपातकाल संविधान बयान, Newz Fast (जशपुर): मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी के परिवार ने देश पर आपातकाल थोपकर लोकतंत्र की हत्या की और जनता पर अत्याचार कर परिवारों को बर्बाद किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब विदेशी ताकतों की शह पर देश को अस्थिर करने के लिए संविधान बचाने का झूठा ढोंग किया जा रहा है।
साय रणजीता स्टेडियम में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा के तहत आयोजित आमसभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। जिले के दूरदराज के क्षेत्रों से हजारों लोग पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे।
मुख्यमंत्री का भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि इंडी गठबंधन का लोकतंत्र से विश्वास उठ गया है और वह वोट की जगह अराजकता पैदा कर सत्ता बदलने की कोशिश कर रहा है। भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा इंदिरा गांधी का निर्वाचन अवैध घोषित किए जाने के बाद 1975 में आपातकाल लगाए जाने का उल्लेख किया और इसे वोट चोरी बताया।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने इंडी गठबंधन को “नाराज फूफाओं की टोली” बताया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 55 साल से अधिक समय तक सत्ता में रही कांग्रेस के विकास के नारे खोखले साबित हुए और घोटालों के नए रिकॉर्ड बने।
उन्होंने लोगों से गांव और मोहल्लों में जाकर कांग्रेस के वोट चोरी के दावों की सच्चाई बताने की अपील की।
सभा के बाद मुख्यमंत्री के नेतृत्व में रैली रणजीता स्टेडियम से रवाना हुई। यह सिटी कोतवाली, जय स्तंभ चौक, बालाजी मंदिर, महाराजा चौक, बजरंग बली चौक और पुरानी टोली से होते हुए स्टेडियम में समाप्त हुई।
लोग हाथों में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे।














