हरियाणा रोडवेज हड़ताल स्थगित, Newz Fast (हरियाणा): हरियाणा रोडवेज की पांच और छह नवंबर को होने वाली दो दिवसीय हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। सरकार और रोडवेज कर्मचारियों के बीच चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय में बुधवार को करीब साढ़े चार घंटे बातचीत चली।
इस बातचीत में 12 यूनियनों के प्रतिनिधि शामिल थे। संयुक्त मोर्चा की 8 मांगों पर दोबारा चर्चा के लिए 25 नवंबर को परिवहन मंत्री अनिल विज के साथ बैठक तय की गई है।
त्योहारी सीजन को देखते हुए कर्मचारियों ने हड़ताल टालने का फैसला लिया।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यदि 25 नवंबर को मांगों पर सहमति नहीं बनी, तो दोबारा हड़ताल की काल दी जा सकती है। मुख्य मांग 2016 की भर्ती के कर्मचारियों को पक्का करने की है, साथ ही पिछले 10 साल का दिवाली बोनस देने की मांग भी रखी गई है।
विभाग ने दूसरे राज्यों में जाने वाली बसों में बिना टिकट यात्री मिलने पर परिचालक पर कार्रवाई वाले 5 मई 2023 के नियम को वापस लेने का आश्वासन दिया है। वर्कशॉप कर्मचारियों को सरकारी छुट्टी देने की मांग पर नियमों की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।
कई पुरानी हड़तालों को छुट्टी या ड्यूटी मानने के मामले में जांच की जाएगी, जिनमें हिसार डिपो की 29 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक की हड़ताल भी शामिल है। कुछ कर्मचारियों के डिपो ट्रांसफर और वर्कशॉप, सब-इंस्पेक्टर व यार्ड मास्टर के खाली पदों पर प्रमोशन से भरने के निर्देश भी दिए गए हैं।














