हरियाणा सरकार 58 वर्ष सेवानिवृत्त दिव्यांग कर्मचारी पुनर्नियुक्ति रोक, Newz Fast (हरियाणा): हरियाणा सरकार ने सेवानिवृत्त और दिव्यांग कर्मचारियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। पहले जिन कर्मचारियों को 58 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद सेवानिवृत्ति पर दोबारा नौकरी में शामिल किया जाता था, अब उन पर रोक लगा दी गई है।
अब सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को दोबारा नौकरी का मौका नहीं मिलेगा, बल्कि उनकी जगह युवाओं की नियुक्ति की जाएगी। वित्त विभाग ने इस नए आदेश की जानकारी सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और एसडीएम को दे दी है।
कानून विशेषज्ञों के हवाले से वित्त विभाग ने बताया है कि सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिकाएं (एसएलपी) दाखिल की गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 20 अगस्त को पारित आदेश में दो तरह की परिस्थितियों को अलग-अलग माना है।
इसी आधार पर वित्त विभाग ने दो कानूनी पहलुओं के अनुसार फैसला लिया है।
पहले नियम के अनुसार, जो कर्मचारी अभी सेवा में हैं, जिन्हें रिलीव नहीं किया गया है और जिन्हें अदालत से संरक्षण मिला हुआ है, उन्हें फिलहाल नहीं हटाया जाएगा। लेकिन जो कर्मचारी रिलीव हो चुके हैं, उन्हें किसी भी सूरत में दोबारा सेवा में नहीं लगाया जाएगा।
हरियाणा सरकार के एडवोकेट जनरल की कानूनी राय में कहा गया है कि तीन फरवरी की अधिसूचना के बाद सेवा से रिलीव हुए कर्मचारी दोबारा ज्वाइनिंग के लिए दावा पेश नहीं कर सकेंगे और उन्हें दोबारा सेवा में नहीं रखा जाएगा।
जिन मामलों में हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी कर कर्मचारियों को रिलीव न करने या उनकी स्थिति में बदलाव न करने के निर्देश दिए हैं, उनमें अदालत के आदेशों का पालन करना होगा। ऐसे कर्मचारियों को उनके हक के अनुसार वेतन का भुगतान भी जारी रहेगा।














