टाटा संस चेयरमैन चंद्रशेखरन मेलोनी मुलाकात, Newz Fast (रोम, इटली): टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने रोम स्थित पलाज्जो चिगी में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की।
इस दौरान इतालवी वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता कंपनी इवेको समूह के टाटा मोटर्स द्वारा अधिग्रहण और दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक औद्योगिक एवं आर्थिक संबंधों पर प्रमुखता से चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार बुधवार को हुई इस बैठक में चंद्रशेखरन ने इवेको समूह में नियंत्रक हिस्सेदारी के अधिग्रहण के बाद टाटा समूह की रणनीति प्रस्तुत की। यह बैठक इटली और भारत के बीच बढ़ते रणनीतिक आर्थिक एवं औद्योगिक सहयोग के बीच हुई।
टाटा मोटर्स ने 30 अक्टूबर को कहा था कि उसने नकद पेशकश के शुरुआती निपटान के बाद इवेको में 89.42 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 3.43 अरब यूरो में अधिग्रहित कर ली है। चंद्रशेखरन ने मंगलवार को टोरीनो स्थित इवेको के मुख्यालय में वैश्विक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए इतालवी सरकार और प्रधानमंत्री मेलोनी का अधिग्रहण प्रक्रिया में समर्थन के लिए आभार जताया।
चंद्रशेखरन ने कहा, ‘‘इवेको समूह की जड़ें इटली में बहुत मजबूत हैं और यूरोप तथा लातिन अमेरिका में इसकी अच्छी मौजूदगी है। यह अपने साथ समृद्ध औद्योगिक विरासत, प्रतिष्ठित ब्रांड, प्रौद्योगिकी और ट्रक, बस तथा पावरट्रेन के क्षेत्र में विश्वस्तरीय क्षमताएं लेकर आया है।’’
उन्होंने टोरीनो के साथ टाटा मोटर्स के लंबे जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार कंपनी की स्वदेशी यात्री कार विकसित करने की यात्रा की जड़ें इसी इतालवी शहर में हैं, जहां 1990 के दशक के अंत में डिजाइन हाउस आइडिया में पहली स्वदेशी कार का डिजाइन तैयार हुआ था।
उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने यात्री कार कारोबार के लिए टोरीनो के ऋणी हैं, क्योंकि इसकी शुरुआत यहीं से हुई थी।’’
चंद्रशेखरन ने संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि टाटा मोटर्स और इवेको अगले पांच वर्षों में बिक्री की मात्रा, राजस्व और मार्जिन में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावनाएं देख रही हैं। दोनों कंपनियों के संयुक्त बयान के अनुसार इसकी 130 से अधिक देशों में मौजूदगी होगी और संयुक्त राजस्व 21 अरब यूरो (करीब 2,28,000 करोड़ रुपये) होगा।
इस अधिग्रहण के साथ इवेको टाटा मोटर्स की अप्रत्यक्ष अनुषंगी कंपनी बन गई है। अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है और दोनों कंपनियां अब एकीकरण तथा संयुक्त रणनीतिक योजना के अगले चरण की शुरुआत कर रही हैं।











