यूपी चैरिटेबल ब्लड बैंक पर रोक, Newz Fast (लखनऊ): उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने चैरिटेबल ब्लड केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक 24 चैरिटेबल ब्लड बैंकों के संचालन पर रोक लगाई गई है, जिनमें 10 और केंद्रों पर औचक निरीक्षण में खामियां मिलने के बाद तत्काल रोक लगाई गई है।
प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान में 62 जनपदों के 158 ब्लड सेंटरों में गड़बड़ी मिली है। अंतरजनपदीय औषधि निरीक्षक टीमें रक्त संग्रह से लेकर मरीजों को रक्त और उसके घटकों की आपूर्ति तक पूरी व्यवस्था की पड़ताल कर रही हैं।
जांच में एचआईवी, एचसीवी और एचबीएसएजी की अनिवार्य जांच के लिए ईएलआईएसए व्यवस्था, सुरक्षित भंडारण, कोल्ड चेन, तापमान नियंत्रण, डोनर एवं इश्यू रजिस्टर, स्टॉक मिलान, निर्धारित दरों पर उपलब्धता और प्रशिक्षित तकनीकी स्टाफ की तैनाती को परखा जा रहा है।
मौसमी बीमारियों, विशेषकर डेंगू और मलेरिया के दौरान मरीजों को रक्त और प्लेटलेट्स की अतिरिक्त जरूरत पड़ती है। ऐसे में रक्त केंद्रों की लापरवाही को विभाग मरीजों के जीवन के लिए गंभीर खतरा मान रहा है।
इसी कारण चैरिटेबल ट्रस्ट और सोसाइटी द्वारा संचालित रक्त केंद्रों की जांच तेज की गई है।
कार्रवाई में अलग-अलग जिलों के 10 ब्लड सेंटरों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कई केंद्रों पर अनिवार्य जांच के बिना रक्त जारी किया जा रहा था, जबकि कुछ जगहों पर घटकों की गुणवत्ता और सुरक्षित भंडारण के मानकों का पालन नहीं हो रहा था।
गौतमबुद्ध नगर के सुरजपुर चैरिटेबल ब्लड सेंटर में निरीक्षण के दौरान मेडिकल ऑफिसर समेत प्रमुख स्टाफ अनुपस्थित मिला। एफेरेसिस मशीन और ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध नहीं थे।
डीप फ्रीजर में दूषित एफएफपी और एक्सपायर्ड दवाइयां मिलीं। लाइसेंस निलंबित होने के बावजूद केंद्र संचालित पाया गया, जिसके बाद लाइसेंस निरस्त करने और संबंधित कर्मियों को ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति की गई है।
सीतापुर के सरोज चैरिटेबल ब्लड सेंटर में एफएफपी यूनिट में लाल रक्त कोशिकाओं (आरबीसी) के अंश मिले। बिना ईएलआईएसए जांच वाले ब्लड बैग टेस्टेड फ्रिज में रखे थे और ऐसी दो यूनिट जारी भी कर दी गई थीं।
केंद्र पर स्टॉप ऑर्डर जारी किया गया।
प्रयागराज के कान्हा चैरिटेबल ब्लड सेंटर में मेडिकल ऑफिसर समेत तकनीकी स्टाफ अनुपस्थित मिला, और डोनर एवं इश्यू रजिस्टर में जरूरी विवरण व हस्ताक्षर गायब थे। शाहजहांपुर के गोमती चैरिटेबल ब्लड सेंटर में संक्रमण जांच के लिए जरूरी किट उपलब्ध न होने के बावजूद बिना जांच के 167 यूनिट रक्त जारी कर दिया गया।
सम्भल के जीवन सुरक्षा चैरिटेबल ब्लड सेंटर में स्टेरिलिटी टेस्टिंग नहीं हो रही थी।
एटा के चैरिटेबल ब्लड सेंटर से जुड़े कासगंज मामले में मेडिकल ऑफिसर दोनों दिन अनुपस्थित मिले और एचआईवी व एचसीवी जांच, प्रिंटआउट, स्टेरिलिटी टेस्टिंग और डोनर सत्यापन से जुड़े रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं थे। अयोध्या के श्री जी चैरिटेबल ब्लड सेंटर में बिना जांच के 23 यूनिट रक्त घटक जारी किए जाने का मामला सामने आया, जिसके बाद रक्त संग्रह और वितरण पर तत्काल रोक लगाई गई।
आगरा के ग्रामीण भारत चैरिटेबल ब्लड सेंटर में मेडिकल ऑफिसर और तकनीकी स्टाफ अनुपस्थित मिले, साथ ही दवाइयों की कमी और साफ-सफाई में लापरवाही सामने आई। फिरोजाबाद के मां माया देवी चैरिटेबल ब्लड सेंटर में डीप फ्रीजर में आरबीसी से संदूषित लाल रंग का एफएफपी मिला, और कई जरूरी रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
आगरा के जय श्री श्याम चैरिटेबल ब्लड सेंटर में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन और सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर संचालन पर तत्काल रोक लगाई गई।
एफएसडीए के अनुसार, जिन केंद्रों का निरीक्षण हो चुका है और जहां अनियमितताएं मिली हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। जिन ब्लड सेंटरों के संचालन पर रोक लगी है, वहां उपलब्ध रक्त और ब्लड कंपोनेंट्स के सुरक्षित निस्तारण के लिए सभी जिलाधिकारियों को एडवाइजरी जारी की गई है।
विभाग का जोर रक्त संग्रह, जांच, भंडारण और आपूर्ति की पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने पर है।














